द फॉलोअप डेस्क
गुमला में एक दसवी के छात्र ने आत्महत्या कर ली है। मामला घाघरा थाना क्षेत्र के कोहिपाट डिपाटोली गांव का है। छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मृतक की पहचान 16 वर्षीय राजकुमार उरांव के रूप में हुई है। लड़के ने घर में मफलर के सहारे फंदा बनाया था। राजकुमार उरांव गढ़ा पाट के आवासीय स्कूल में पढ़ता था। इस साल मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था। परिजनों के अनुसार, राजकुमार पिछले कुछ दिनों से बीमार था। मंगलवार को वह गुमला सदर अस्पताल में इलाज कराने भी गया था। बुधवार को परिवार के सभी सदस्य धान काटने गये थे। जब वे घर लौटे, तो उन्होंने राजकुमार को मफलर के सहारे लटका हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और गुरुवार को सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
